जोधपुर। बोरनाडा कंटेनर डिपो के सामने गुरुवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी तीन पहिया टैक्सी और गलत दिशा से आ रही एक किया कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब टैक्सी बोरनाडा इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किया कार अचानक गलत दिशा में आ गई, जिससे दोनों वाहनों की भीषण भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि किया कार के एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे कार चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। वहीं टैक्सी चालक बुरी तरह से घायल हो गया। टक्कर के बाद टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह झुक गया और चालक हैंडल व टैक्सी के बीच बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार प्रयास किए। काफी मशक्कत के बाद टैक्सी का हैंडल तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया। बाहर निकालते समय चालक की हालत गंभीर बताई जा रही थी। तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बोरनाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम से चूना राम भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाना सड़क हादसों का बड़ा कारण बन रहा है। आमजन से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की गंभीर दुर्घटनाओं से बचा जा सके। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
Write a Response