जोधपुर ग्रामीण। पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 2500 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी को दस्तयाब किया।
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को देखते हुए वांछित एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर मेघवाल के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी बिलाड़ा मनीष देव विश्वकर्मा के निकट पर्यवेक्षण में पीपाड़ शहर थानाधिकारी सीताराम खोजा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना पीपाड़ शहर में दर्ज प्रकरण संख्या 171/2025 में धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में पुलिस ने मौके से श्रवणराम और हनुमानराम को गिरफ्तार किया था। वहीं प्रकरण में संलिप्त आरोपी विमल पंडित घटना के बाद से फरार चल रहा था। लंबे समय से फरार रहने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 2500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार सूचना तंत्र को सक्रिय रखा। कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल सुनील ने विशेष भूमिका निभाते हुए आसूचनाएं संकलित कीं। इसके बाद तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर विमल कुमार शर्मा पुत्र बालूलाल, जाति शर्मा (ब्राह्मण), उम्र 37 वर्ष, निवासी धनोरा गुलाना, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से एनडीपीएस एक्ट के उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सीताराम खोजा तथा कांस्टेबल सुनील शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल सुनील की आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी में विशेष भूमिका रही, जबकि रामेश्वर का भी कार्रवाई में विशेष योगदान रहा।
Write a Response