सरदारपुरा में एक करोड़ की नकबजनी का खुलासा

जोधपुर। सरदारपुरा थाना पुलिस ने बी रोड स्थित एक मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी नकबजनी का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों—जीजा, साला और ससुर—को गिरफ्तार कर चोरी गया सोना-चांदी व नकदी शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता हासिल की है।


सरदारपुरा में एक करोड़ की नकबजनी का खुलासा, जीजा-साला व ससुर गिरफ्तार; सोना-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद

जोधपुर। सरदारपुरा थाना पुलिस ने बी रोड स्थित एक मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी नकबजनी का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों—जीजा, साला और ससुर—को गिरफ्तार कर चोरी गया सोना-चांदी व नकदी शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा व सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार 25 जनवरी 2026 को परिवादी भरत मेहता के बंद मकान में हुई नकबजनी में लगभग 500 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 3 किलो चांदी के बर्तन व लाखों रुपये नकद चोरी हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर मानवीय आसूचना जुटाई और आरोपियों की कार्यप्रणाली को समझते हुए उदयपुर व बांसवाड़ा क्षेत्रों में दबिश दी।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले उदयपुर में रुके और उपयुक्त बंद मकान की तलाश करते हुए सरदारपुरा पहुंचे। रात में मोटरसाइकिल चोरी कर उसी से भरत मेहता के मकान में पहुंचकर ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और फिर बस के जरिए बांसवाड़ा फरार हो गए। वहां आरोपी दीपसिंह के पिता तिरथ सिंह ने चोरी का सामान छिपा दिया।

विशेष टीम ने बांसवाड़ा, उदयपुर, रतलाम व बड़ौदा में लगातार पीछा कर तीनों आरोपियों—रणदीप सिंह, दीपसिंह व तिरथ सिंह—को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की शातिराना चालों व स्थानीय भाषा में बातचीत से पुलिस को चुनौतियां आईं, लेकिन टीम ने सतर्कता व तकनीकी सहायता से पूरा माल बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में अलग प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बंद मकानों में कीमती सामान न रखें और कहीं बाहर जाने पर संबंधित थाने को सूचित करें, ताकि समय-समय पर निगरानी व गश्त कर संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्रवाई में थानाधिकारी जयकिशन सोनी सहित विशेष टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response