खाटू श्याम मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को राजस्थान के सीकर जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम जी मंदिर के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। बैठक में मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा सहित श्री श्याम मंदिर समिति के प्रतिनिधि शक्ति सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह चौहान और मोहन सिंह (दास) चौहान मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2026-07-07 at 9.18.41 PM (1)-sVtZCmi3uV.jpg

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को राजस्थान के सीकर जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम जी मंदिर के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। बैठक में मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा सहित श्री श्याम मंदिर समिति के प्रतिनिधि शक्ति सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह चौहान और मोहन सिंह (दास) चौहान मौजूद रहे।

बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल संपर्क को और मजबूत बनाने तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय रेलवे द्वारा मंदिर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विकास और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाटू श्याम मंदिर के निकट नया रेलवे स्टेशन विकसित किया जाएगा। यह स्टेशन सीकर–रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावड़ी ठीकरिया स्टेशनों के बीच बनाया जाएगा। स्टेशन बनने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले चरण में रेलवे लाइन से जुड़े तकनीकी, इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग कार्य पूरे किए जाएंगे। नई रेल लाइन को मौजूदा नेटवर्क से जोड़ने के बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा।

प्रस्तावित रेलवे स्टेशन मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर होगा। स्टेशन भवन का निर्माण राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर किया जाएगा। इसमें आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, यात्री-अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार इस परियोजना से हर वर्ष खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और रेलवे आधारभूत ढांचे का भी विस्तार होगा। भारतीय रेलवे ने इसे आधुनिक, यात्री-केंद्रित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किए जाने वाले महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के रूप में बताया है।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response