जोधपुर। करवड़ थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर रात के समय नींद में सो रही अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को उजलिया गांव की सरहद से दबिश देकर दस्तयाब किया।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को हिंगानिया निवासी महेन्द्र ने करवड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी बहन गुड्डी की शादी उजलिया निवासी दिनाराम उर्फ दिनेश से हुई थी। आरोप है कि 30 अगस्त की रात दिनाराम ने नींद में सो रही गुड्डी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण संख्या 123/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 85 के तहत जांच शुरू की। पुलिस आयुक्तालय जोधपुर के पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया (IPS) तथा पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेन्द्रसिंह देवड़ा और सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी परमेश्वरी निपु के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी दिनाराम उर्फ दिनेश को उजलिया की सरहद से 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनाराम उर्फ दिनेश पुत्र पप्पाराम, उम्र 37 वर्ष, निवासी उजलिया, थाना करवड़, जोधपुर पूर्व के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रात के समय सो रही अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार कर उसकी हत्या की।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी परमेश्वरी निपु, सहायक उप निरीक्षक केवलराम व कुम्भाराम, हेड कांस्टेबल छोटुराम तथा कांस्टेबल सुनील, निंबाराम, महिपाल और दोनों राकेश शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है।
Write a Response