जोधपुर में एनसीईआरटी की बड़ी कार्रवाई, पाइरेटेड किताबों पर कसा शिकंजा
जोधपुर। जोधपुर शहर के जालोरी गेट क्षेत्र स्थित पुस्तक विक्रेताओं पर कॉपीराइट उल्लंघन के मामलों को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की विजिलेंस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से देर रात तक कई बुक स्टोर्स पर छापेमारी कर पाइरेटेड किताबों के खिलाफ अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर एनसीईआरटी की टीम ने जोधपुर में चिन्हित दुकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान एनसीईआरटी की अधिकारी प्रियंका नागर (सहायक व्यापार प्रबंधक) और सयुराज ए.आर. (सहायक उत्पादन अधिकारी) के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया और संदिग्ध किताबों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ऐसी किताबें चिन्हित की गईं, जिनके पाइरेटेड होने की आशंका है। टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों और स्टॉक का सत्यापन किया तथा संबंधित दुकानदारों से पूछताछ भी की। प्रारंभिक जांच में कॉपीराइट एक्ट के उल्लंघन के संकेत मिलने पर टीम ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरे अभियान में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के सरदारपुरा थाना पुलिस का भी अहम सहयोग रहा। सरदारपुरा थाने के अतिरिक्त प्रभारी एएसआई विश्राम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार यह अभियान शहर के विभिन्न पुस्तक विक्रेताओं पर लगातार चलाया जा रहा है और देर रात तक जांच जारी रही। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षा से जुड़े प्रकाशनों में कॉपीराइट का उल्लंघन गंभीर अपराध है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एनसीईआरटी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणिक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुस्तक विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि वे केवल अधिकृत और मूल किताबों की ही बिक्री करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे केवल प्रमाणित स्रोतों से ही पुस्तकें खरीदें, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।
Write a Response