ACB की बड़ी कार्यवाही

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जल जीवन मिशन से जुड़े कथित घोटाले में मंगलवार तड़के व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में करीब 15 स्थानों पर एक साथ रेड की गई, जिससे प्रशासनिक और ठेकेदार वर्ग में हड़कंप मच गया।

 


जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जल जीवन मिशन से जुड़े कथित घोटाले में मंगलवार तड़के व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में करीब 15 स्थानों पर एक साथ रेड की गई, जिससे प्रशासनिक और ठेकेदार वर्ग में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार ACB की टीम ने जयपुर, बाड़मेर, जालोर, सीकर के अलावा दिल्ली, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई का मुख्य फोकस जल जीवन मिशन में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच है।

इस दौरान रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल के ठिकानों पर भी ACB ने छापेमारी की है। अधिकारियों के अनुसार सुबोध अग्रवाल से इस मामले में गहन पूछताछ की जानी है, क्योंकि जांच में उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है। ACB को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारियां सामने आ सकती हैं।

जानकारी के मुताबिक, अब तक आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें केडी गुप्ता, निरिल कुमार, सुशील शर्मा, डीके गौड़, महेंद्र सोनी, विशाल सक्सेना, दिनेश गोयल, शुभांशु दीक्षित और अरुण श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं। हालांकि, ACB की कार्रवाई अभी जारी है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई सुबह तड़के शुरू की गई, ताकि आरोपियों को भनक न लगे और महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकें। टीम द्वारा विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती और संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।

इस बड़े ऑपरेशन का नेतृत्व ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर किया जा रहा है। वहीं, डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह और एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ जल जीवन मिशन जांच कमेटी की एसआईटी के अध्यक्ष भी हैं।

ACB की इस बड़ी कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response