जोधपुर, 29 जून। जोधपुर रेंज पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार सुबह विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक चले इस अभियान में रेंज के सभी जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 386 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 314 पुलिस टीमों ने 1,443 स्थानों पर दबिश देकर वांछित अपराधियों की तलाश की। इस दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में वांछित 25 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा स्थायी वारंट, उद्घोषित अपराधी, धारा 299 सीआरपीसी तथा गिरफ्तारी वारंट के मामलों में फरार चल रहे 102 अपराधियों को भी पुलिस ने दबोचा। अभियान में एक इनामी अपराधी भी गिरफ्तार किया गया।
सामान्य आपराधिक मामलों में वांछित 132 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि धारा 170 बीएनएसएस के तहत 120 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध शांतिभंग की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत कुल 261 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की गई, जबकि 120 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके अच्छे आचरण (नेक चलन) के लिए पाबंद किया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत भी कार्रवाई की गई। आर्म्स एक्ट में एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
Write a Response