जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद के आवास की खानातलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी और चांदी बरामद की है। एसीबी की कार्रवाई में आरोपी के घर से 43 लाख 38 हजार 500 रुपये नकद तथा करीब 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां मिली हैं। इसके अलावा कई संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भरतपुर इकाई ने 14 सितंबर को कार्रवाई करते हुए गोविन्द प्रसाद, हाल सहायक अभियंता, पंचायत समिति भुसावर, जिला भरतपुर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी के रिहायशी मकान की नियमानुसार खानातलाशी की गई।
एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने खानातलाशी की कार्रवाई को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान घर से 43,38,500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके साथ ही करीब 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां भी मिलीं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और चांदी मिलने के बाद एसीबी ने इनके स्रोत और स्वामित्व की जांच शुरू कर दी है।
खानातलाशी के दौरान कस्बा हिंडौन में स्थित दो दुकानों, मानसरोवर जयपुर में हाउसिंग बोर्ड के एक मकान तथा अन्य भू-संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। एसीबी इन संपत्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों के अनुसार बरामद नकदी, चांदी और संपत्तियों के दस्तावेजों का आरोपी की आय के ज्ञात स्रोतों से मिलान किया जा रहा है। यह जांच की जा रही है कि बरामद संपत्ति और नकदी का स्रोत क्या है तथा इनका आरोपी की वैध आय से कोई संबंध है या नहीं।
एसीबी ने बताया कि खानातलाशी रिपोर्ट और बरामद दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे अनुसंधान किया जाएगा। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Write a Response