फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख की ठगी, 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। फोरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले तीन साल से फरार इनामी आरोपी को रेंज स्पेशल टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी रितिक पटेल, निवासी बिलाड़ा, पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण द्वारा 10 हजार रुपये का इनामी घोषित था।
पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज श्री राजेश मीणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर निवेश करवाकर लोगों से धोखाधड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर रेंज स्तर पर विशेष टीम गठित कर ऐसे नेटवर्क पर गहन निगरानी शुरू की गई। जांच के दौरान मुख्य सरगना के रूप में रितिक पटेल का नाम सामने आया।
रेंज स्पेशल टीम प्रभारी उपनिरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में टीम ने पिछले दो माह से तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में गुरुवार सुबह जोधपुर शहर के विवेक विहार क्षेत्र में एक पुराने फ्लैट में छिपे आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले नीट की तैयारी कर रहा था, लेकिन कोविड काल में पढ़ाई छूटने के बाद बिलाड़ा लौट आया। इसके बाद उसने फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर निवेश करवाना शुरू किया और प्रति निवेशक 1600 रुपये के हिसाब से चैन सिस्टम बनाकर लोगों को जोड़ता गया। इस तरह उसने करीब 19 से 20 करोड़ रुपये एकत्रित कर आगे ट्रांसफर कर दिए, लेकिन बाद में कंपनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया।
इस मामले में एक पीड़ित से 40 लाख रुपये की ठगी हुई थी, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। इस संबंध में पुलिस थाना बिलाड़ा में वर्ष 2023 में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जयपुर, ब्यावर और जोधपुर में लगातार फरारी काट रहा था।
रेंज स्पेशल टीम एवं पुलिस थाना बिलाड़ा अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। कार्रवाई में टीम प्रभारी देवाराम, सहायक उपनिरीक्षक गणेशराम, कांस्टेबल अशोक बागड़वा, सेठाराम, किशोर दुगतावा, अशोक परिहार, हरिराम, भीमराज, जोगाराम, कमांडो पप्पाराम एवं ड्राइवर श्यामसिंह शामिल रहे।
आईजी राजेश मीणा ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीम को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि आरोपी या किसी भी अपराध से जुड़ी जानकारी रेंज कंट्रोल रूम के फोन 0291-2650811 या व्हाट्सएप नंबर 9530441828 पर साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Write a Response