विश्व कैंसर दिवस पर आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर में जागरूकता व्याख्यान आयोजित
जोधपुर, 4 फरवरी। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर अगदतंत्र विभाग द्वारा कैंसर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की प्रेरणा से आयोजित यह कार्यक्रम पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के प्राचार्य प्रोफेसर चंदन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर चंदन सिंह ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद रोग की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों और चिकित्सकों से अपील की कि वे जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर कैंसर यूनिट प्रभारी प्रोफेसर रितु कपूर ने संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में संचालित कैंसर यूनिट की जानकारी दी। उन्होंने आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों, पंचकर्म, आहार-विहार तथा रोगियों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया और समग्र चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला।
स्नातकोत्तर अध्येता डॉ. धवल राजदे ने अपने व्याख्यान में कैंसर के कारण, लक्षण, रोकथाम और उपचार के आयुर्वेदिक एवं आधुनिक चिकित्सा दृष्टिकोणों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय से मरीजों को बेहतर उपचार एवं जीवन गुणवत्ता प्रदान की जा सकती है।
कार्यक्रम में रिसर्च डीन प्रोफेसर देवेंद्र सिंह चाहर, उपकुलसचिव डॉ. मनोज कुमार अदलखा, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. अरुणा तिवारी, डॉ. अनिता सहित अनेक शिक्षकगण और स्नातकोत्तर विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में उपस्थित जनों ने कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
Write a Response