जोधपुर। अवैध आग्नेयास्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना विवेक विहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन, छह जिंदा कारतूस तथा चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
जोधपुर। अवैध आग्नेयास्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना विवेक विहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन, छह जिंदा कारतूस तथा चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी राहगीरों से लूटपाट की योजना बना रहे थे, इससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त वृत बोरानाडा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी दिलीप खदाव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को अवैध हथियारों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सक्रिय किया गया था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 13 फरवरी 2026 को मोगड़ा से राजपुरिया जाने वाली सड़क पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके से राकेश विश्नोई और राजुराम चौधरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए, साथ ही एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी मारपीट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य मामलों में वांछित रह चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
Write a Response