नगरीय निकाय चुनाव में आचार संहिता की अक्षरशः पालना के निर्देश

जोधपुर, 20 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को अटल सेवा केंद्र सभागार में विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।


जोधपुर, 20 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को अटल सेवा केंद्र सभागार में विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रकोष्ठवार अब तक की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

275 वार्डों में करीब 899 मतदान केंद्र

आलोक रंजन ने बताया कि जोधपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। जिले की छह नगर पालिकाओं में प्रथम चरण में 9 सितंबर को तथा नगर निगम जोधपुर में द्वितीय चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान होगा। जिले के कुल 275 वार्डों के लिए करीब 899 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों का समयबद्ध निरीक्षण कर कमियों का पहले ही निराकरण करने पर जोर दिया गया।

युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप गतिविधियों को प्रभावी बनाया जाए। विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नवाचारपूर्ण गतिविधियां और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकोष्ठों को तत्काल सक्रिय होकर निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करने तथा दैनिक प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।

27 अगस्त को लोक सूचना, 31 तक नामांकन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सदस्य पदों के लिए लोक सूचना 27 अगस्त को जारी होगी। नामांकन 31 अगस्त तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को, नाम वापसी 3 सितंबर को और चुनाव चिह्न आवंटन 4 सितंबर को होगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

बैठक में नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी मौजूद रहे।

0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response