सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत वरिष्ठ नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार शाम महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। राजभवन में आयोजित एक संक्षिप्त लेकिन गरिमामय समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण के साथ ही वे अपने दिवंगत पति अजित पवार के स्थान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गई हैं। गौरतलब है कि अजित पवार महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत थे और उनके पास वित्त, खेल, आबकारी सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी थी। 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे राज्य की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह के दौरान दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि भी दी गई और उनके योगदान को याद किया गया।
राजनीतिक हलकों में सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके शामिल होने से राकांपा को नई मजबूती मिलेगी और बारामती क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ और सशक्त होगी। सुनेत्रा पवार लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा कि वे दिवंगत अजित पवार के अधूरे सपनों को पूरा करने और राज्य के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गठबंधन के सभी नेताओं का विश्वास जताने के लिए आभार प्रकट किया।
उनके उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हुआ है, जिसे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में ऐतिहासिक माना जा रहा है।
Write a Response