जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में सख्ती: ड्यूटी से गायब रहना पड़ेगा भारी, नए दिशा-निर्देश जारी
जयपुर। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) ने लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार, अनुशासन कायम रखने और आमजन के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के उद्देश्य से नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के तहत ड्यूटी में लापरवाही या बिना सूचना अनुपस्थित रहने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार अब कोई भी कर्मचारी या अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अपना मुख्यालय (हेडक्वार्टर) नहीं छोड़ सकेगा। यदि कोई कर्मचारी बिना परमिशन मुख्यालय छोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कदम फील्ड एवं कार्यालय स्तर पर जवाबदेही तय करने के लिए उठाया गया है।
इसके साथ ही JVVNL ने यह भी अनिवार्य कर दिया है कि कर्मचारियों और अधिकारियों को छुट्टी के दिनों में भी अपना मोबाइल फोन चालू (ON) रखना होगा। विभागीय कॉल आने पर फोन उठाना अनिवार्य होगा, ताकि आपातकालीन स्थितियों, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए। कॉल रिसीव नहीं करने या संपर्क में नहीं रहने की स्थिति में संबंधित कार्मिक को लापरवाही का दोषी माना जाएगा।
नए दिशा-निर्देशों में बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने वालों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। ऐसे मामलों में वेतन कटौती, कारण बताओ नोटिस और सेवा नियमों के तहत अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सचिव (प्रशासन) द्वारा जारी इन सख्त आदेशों का मुख्य उद्देश्य विभाग की छवि सुधारना और उपभोक्ताओं को बेहतर व समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना है। लगातार मिल रही शिकायतों और कार्यों में देरी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
JVVNL प्रबंधन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि अनुशासन और जिम्मेदारी से कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Write a Response