मंदसौर–बाड़मेर तस्करों के गठजोड़ पर रेंज स्पेशल टीम का प्रहार, 19 क्विंटल डोडा पोस्त जब्त
जोधपुर रेंज स्पेशल टीम ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदसौर और बाड़मेर के तस्करों के गठजोड़ पर करारा प्रहार किया है। एक 12 चक्का ट्रक में गेहूं की आड़ में परिवहन किया जा रहा 19 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पंचायती राज चुनाव को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज राजेश मीना ने बताया कि आगामी चुनावों के दौरान मादक पदार्थों की मांग और खपत बढ़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए रेंज स्तर पर तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेंज स्तरीय स्पेशल टीम को अवैध मादक पदार्थ तस्करी की सूचनाएं एकत्र करने और नेटवर्क पर कार्य करने के निर्देश दिए गए थे।
मानवीय एवं तकनीकी आसूचनाओं के आधार पर रेंज स्पेशल टीम ने संदिग्ध ट्रक RJ19GK2529 को सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा क्षेत्र में चिन्हित किया। दिनांक 29 जनवरी 2026 को संभावित रूट पर नाका कॉर्डन कर ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान गेहूं के कट्टों के बीच छिपाकर रखा गया 19 क्विंटल डोडा पोस्त बरामद किया गया।
ट्रक चालक ने अपना नाम जेठाराम पुत्र बोहराराम, निवासी बाखासर, जिला बाड़मेर बताया। पूछताछ में सामने आया कि यह डोडा पोस्त छगन पुत्र दलाराम, निवासी नौकड़ा, जिला बाड़मेर का है, जो क्षेत्र में डोडा पोस्त का बड़ा सप्लायर बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। पुलिस द्वारा तस्करों के विरुद्ध साक्ष्य एकत्रित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में रेंज स्पेशल टीम प्रभारी देवाराम उपनिरीक्षक सहित टीम के कई सदस्य एवं पिण्डवाड़ा थाना पुलिस शामिल रही। आईजी राजेश मीना ने घोषणा की है कि इस कार्रवाई में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराध या अपराधी से संबंधित सूचना रेंज पुलिस कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Write a Response