चादर महोत्सव जैसलमेर का शुभारंभ करेंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत
- Posted on 1 मार्च 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 145 Views
चादर महोत्सव जैसलमेर का शुभारंभ करेंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत , विश्व भर में 7 मार्च को 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालु करेंगे सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में 6 से 8 मार्च 2026 को तीन दिवसीय चादर महोत्सव और दादागुरु इकतीसा पाठ का आयोजन होगा। जैसलमेर के महोत्सव स्थल पर तैयारियां जोरों से चल रही है। आचार्य श्री जिनमणी प्रभ सूरि जी की निश्रा में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 7 मार्च को विश्वभर में एक साथ 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प है। कार्यक्रम का आयोजन दादा गुरूदेव श्री जिनदत्तसुरि चादर महोत्सव समिति के अंतर्गत हो रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, विद्या भारती तथा अनेक सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागी हैं। कार्यक्रम गच्छाधिपति आचार्य श्री मणिप्रभ सूरी जी की पावन निश्रा में सम्पन्न होगा। इस विराट महोत्सव के स्वप्न दृष्टा पूज्य आचार्य श्री जिनमनोज्ञ सागर जी है । चादर महोत्सव समिति के चेयरमैन महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा एवं संयोजक जीतो के पूर्व चेयरमैन तेजराज गोलेछा है। आयोजन में विभिन्न भारतीय परंपराओं के करीब 400 संतों की उपस्थिति होगी। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं की तीन दिवसीय कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।
*871 वर्षों बाद पहली बार विधिवत अभिषेक
गच्छाधिपति आचार्य श्री के अनुसार यह अभियान केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर आस्था, एकता और आध्यात्मिक जागरण का महाअभियान है। निर्धारित समय पर देश–विदेश के विभिन्न नगरों में श्रद्धालु अपने-अपने स्थानों से एक साथ दादागुरु इकतीसा पाठ करेंगे, जिससे विश्वभर में आध्यात्मिक चेतना की सामूहिक तरंग उत्पन्न होगी। यह आयोजन वैश्विक आध्यात्मिक आंदोलन का रूप ले रहा है। दादा गुरूदेव श्री जिनदत्तसुरि चादर महोत्सव में 871 वर्षों बाद पहली बार चादर का विधिवत अभिषेक होगा, इससे पहले जैसलमेर किले से भव्य वरघोड़े के साथ चादर को महोत्सव स्थल पर लाया जाएगा। 8 मार्च को उपाध्याय महेन्द्रसागर महाराज को आचार्य पद प्रदान किया जाएगा।
Write a Response