जोधपुर। शहर के खाण्डा फलसा क्षेत्र में स्थित भीम जी की हथाई के पास एक सुनार की दुकान में हुई चोरी की वारदात को लेकर स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपए के चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी का पता सुबह दुकान खोलने पर लगा, जिसके बाद व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए लाड जी का कुंआ स्थित खाण्डा फलसा चौकी पर एसीपी ईस्ट मंगलेश चुंडावत, थाना अधिकारी बलवंत राम एवं पुलिस स्टाफ ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पुलिस के समक्ष सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को लेकर नाराजगी जताई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, नियमित गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही जल्द से जल्द चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी मांग की गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
Write a Response