गणतंत्र दिवस जोधपुर में गरिमा, उल्लास और राष्ट्रीय चेतना के साथ सम्पन्न
- Posted on 26 जनवरी 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 199 Views
जोधपुर। जोधपुर जिले में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। जिलास्तरीय मुख्य समारोह श्री उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने ध्वजारोहण किया, परेड निरीक्षण के उपरान्त मार्चपास्ट की सलामी ली।
समारोह में परेड कमाण्डर (आरपीएस) देवेन्द्रसिंह भाटी के नेतृत्व में प्रथम बटालियन आरएसी, पुलिस आयुक्तालय (पुरुष एवं महिला), केन्द्रीय कारागृह, राजस्थान होम गार्ड्स (पुरुष एवं महिला), एनसीसी, स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने भव्य मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड में आरएसी (प्रथम) मंडोर रोड जोधपुर ने प्रथम, पुलिस आयुक्तालय जोधपुर (पुरुष प्लाटून) ने द्वितीय तथा एनसीसी महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य समारोह में वंदे मातरम् की भावभूमि पर आधारित आकर्षक झांकियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रस्तुत किया गया। विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की झांकियों में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कृषि नवाचार, शिक्षा और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
झांकियों में मुख्य कार्यकारी अधिकारी,जिला परिषद की "विकसित भारत - जी रामजी योजना" पर आधारित झांकी को प्रथम, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात की "सुरक्षा से सीख,तकनीक से परिवर्तन" थीम पर आधारित झांकी को द्वितीय तथा आयुक्त नगर निगम जोधपुर की शहर को स्वच्छ रखने,उचित सफाई व्यवस्था व विकास कार्यों के साथ साथ समस्या समाधान शिविर में किए कार्यों को समाहित करती हुई झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, शहर विधायक अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, आईजी रेंज राजेश मीणा, पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Write a Response