राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण, समारोहपूर्वक मनाया गया
जोधपुर। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकारिणी का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को संगठन की ओर से समारोहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी और दो वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया।
जिलाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह मेड़तिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके जिलाध्यक्ष कार्यकाल के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण हो गए हैं। इस अवसर पर आयोजित बैठक में कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और बीते दो वर्षों के कार्यकाल की विस्तार से समीक्षा की। पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से कहा कि यह कार्यकाल संगठन के लिए स्वर्णिम एवं उल्लेखनीय रहा है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान नर्सेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को संगठन द्वारा तत्परता से उठाया गया तथा प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखकर उनका समाधान कराया गया। संगठन के प्रयासों से नर्सेज की कई लंबित समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण संभव हो सका। इसके साथ ही समय-समय पर जन-जागरूकता, नर्सेज जागरूकता एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा की गई और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शीघ्र ही आम बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह मेड़तिया ने अपने संबोधन में पूरी कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सदस्यों ने तन, मन और धन से संगठन को सहयोग दिया, जिसके चलते यह कार्यकाल सफल रहा। उन्होंने कहा कि एकजुट और मजबूत टीम होने के कारण ही संगठन ने नर्सेज के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की तथा प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार के अन्यायपूर्ण कदमों का विरोध कर नर्सेज के अधिकारों को सुरक्षित रखा।
बैठक में महासचिव राजू सिंह राजपुरोहित, संपत सांखला, श्रीगोपाल व्यास, बीनू गुप्ता, सुरेन्द्र सिंह पंवार, कुशुम जोशी, प्रेमलता चौधरी, सीमा मुथा, गजेन्द्रा शेखावत, किशन सिंह राजपुरोहित, नंदलाल, गायत्री मेड़तिया सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और संगठन को आगे और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
Write a Response