गुरुवार से शुरू होंगी राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं, करीब 20 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल
अजमेर, 10 फरवरी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार 12 फरवरी से प्रदेशभर में प्रारंभ होंगी। इस वर्ष कुल 19 लाख 90 हजार 57 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराया है। परीक्षाओं का आयोजन राज्य के 6 हजार 194 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा, जहां व्यापक स्तर पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
बोर्ड सचिव श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि सेकेंडरी परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109, सीनियर सेकेंडरी में 9 लाख 10 हजार 9, प्रवेशिका में 7 हजार 817 तथा वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संसाधन, प्रश्न पत्र वितरण, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम पूर्ण कर लिए गए हैं।
नकल रहित और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी, जबकि उड़नदस्तों और विशेष निरीक्षण दलों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा जिलों में स्थापित अभय कमांड सेंटर से भी परीक्षाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
बोर्ड प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही केंद्राध्यक्ष, शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी समन्वय के साथ परीक्षाओं के सफल संचालन में जुटे हुए हैं।
प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह के साथ-साथ गंभीरता भी देखी जा रही है। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।
Write a Response