प्रमुख शासन सचिव ने जोधपुर में चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
- Posted on 23 जून 2026
- सामान्य समाचार
- By Rajendra Harsh
- 42 Views
जोधपुर, 23 जून। जोधपुर में प्रसूताओं के स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सोमवार देर रात जोधपुर पहुंचीं और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती प्रसूताओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। प्रमुख शासन सचिव ने सबसे पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर पहुंचकर भर्ती दो प्रसूताओं के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति की समीक्षा की।
जोधपुर, 23 जून। जोधपुर में प्रसूताओं के स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सोमवार देर रात जोधपुर पहुंचीं और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती प्रसूताओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
प्रमुख शासन सचिव ने सबसे पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर पहुंचकर भर्ती दो प्रसूताओं के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति, उपचार प्रक्रिया, चिकित्सा प्रबंधन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
इसके बाद गायत्री राठौड़ पावटा जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां भर्ती छह प्रसूताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों की मेडिकल फाइलों का अवलोकन करते हुए प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति, जांच रिपोर्ट, उपचार प्रक्रिया और चिकित्सकीय प्रबंधन की विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने चिकित्सकों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने भर्ती प्रसूताओं के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि उपचार और देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन, डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बी.एस. जोधा सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमुख शासन सचिव मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करेंगी, जिसमें उपचार व्यवस्था, चिकित्सा प्रबंधन, जांच की प्रगति और अन्य आवश्यक पहलुओं की बिंदुवार समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। राज्य सरकार पूरे मामले की उच्च स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।
Write a Response