जोधपुर। शहर के नंदवान-सालावास स्थित पटेलो का बास क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री पर पुलिस एवं रेकिट बेंकिज़र कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नकली प्रोडक्ट तैयार करने के मामले का खुलासा किया। डीसीपी पश्चिम विनीत कुमार बंसल के नेतृत्व में डीएसटी टीम पश्चिम के इंचार्ज महेंद्र कुमार राठौर ने कंपनी प्रतिनिधि विकास वैष्णव व महेंद्र सेन के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।
जोधपुर में नकली प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, 4 लाख का सामान जब्त
जोधपुर। शहर के नंदवान-सालावास स्थित पटेलो का बास क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री पर पुलिस एवं रेकिट बेंकिज़र कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नकली प्रोडक्ट तैयार करने के मामले का खुलासा किया। डीसीपी पश्चिम विनीत कुमार बंसल के नेतृत्व में डीएसटी टीम पश्चिम के इंचार्ज महेंद्र कुमार राठौर ने कंपनी प्रतिनिधि विकास वैष्णव व महेंद्र सेन के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। टीम ने मौके से भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री बरामद कर फैक्ट्री मालिक रमेश पटेल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि पटेल प्रोडक्ट नाम से संचालित फैक्ट्री में नामी ब्रांड के उत्पादों की नकली पैकिंग कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने दबिश दी, जहां से 70 रेडी कार्टून लिक्विड ड्रम, एक पैकेजिंग मशीन तथा 320 लेबल लगी खाली बोतलें बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नकली उत्पाद तैयार कर असली कंपनी के नाम से बेच रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को धोखा देने के साथ कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
कंपनी प्रतिनिधियों ने जब्त सामग्री की पहचान कर इसे कॉपीराइट उल्लंघन का मामला बताया। इसके आधार पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक रमेश पटेल को मौके से गिरफ्तार कर कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नकली उत्पादों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि बाजार में संदिग्ध या नकली उत्पाद दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Write a Response