पुष्पा स्टाइल में ऑयल टैंकर से डोडा पोस्त तस्करी की कोशिश नाकाम
- Posted on 18 अक्टूबर 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 24 Views
सिरोही। सिरोही पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑयल टैंकर से डोडा पोस्त की तस्करी करने की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने टैंकर से 147 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 2947 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4.42 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से शुभम चौहान (26), निवासी प्रतापनगर सदर, जोधपुर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थ की यह खेप मध्यप्रदेश के मंदसौर से भरकर जोधपुर की तरफ ले जाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
-
सिरोही। सिरोही पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑयल टैंकर से डोडा पोस्त की तस्करी करने की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने टैंकर से 147 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 2947 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4.42 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और पिण्डवाड़ा वृत्ताधिकारी राहुल कुमार के सुपरविजन में पिण्डवाड़ा थानाधिकारी चैलसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-62 पर वीरवाड़ा कट के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी तोड़कर भागा टैंकर चालक
17 अक्टूबर 2026 को नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आरजे 27 जीसी 7743 नंबर के टैंकर को रुकने का इशारा किया। चालक ने टैंकर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और नया सानवाड़ा की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए सानवाड़ा के पास हाईवे पर टैंकर को घेरकर रुकवा लिया। तलाशी लेने पर टैंकर में प्लास्टिक के 147 कट्टे मिले, जिनमें कुल 2947 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ था।
मंदसौर से जोधपुर ले जा रहा था खेप
पुलिस ने मौके से शुभम चौहान (26), निवासी प्रतापनगर सदर, जोधपुर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थ की यह खेप मध्यप्रदेश के मंदसौर से भरकर जोधपुर की तरफ ले जाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में कांस्टेबल अभय सिंह और लोकेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाधिकारी चैलसिंह सहित पिण्डवाड़ा थाने के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
Write a Response