नई सड़क के पीछे सर्विस रोड का काम ठप, तीन माह से आमजन व व्यापारी परेशान
जोधपुर। नई सड़क के पीछे सिटी पैलेस होटल से लेकर बोब्बे डाइंग के पीछे स्थित सर्विस रोड का कार्य बीते साढ़े तीन महीनों से ठप पड़ा है, जिससे क्षेत्र के आमजन और व्यापारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। यह सर्विस रोड शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में से एक है, जहां से हजारों नागरिकों और व्यापारियों का रोजाना आना-जाना होता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीवाली से करीब 20 दिन पहले सड़क निर्माण के उद्देश्य से इस लगभग 300 मीटर लंबे मार्ग को खोद दिया गया था। लेकिन इसके बाद से अब तक काम पूरा होना तो दूर, दोबारा शुरू भी नहीं किया गया। जहां काम रोका गया है, वहां करीब 100 दुकानों के साथ-साथ हजारों घरों को जोड़ने वाली लिंक रोड भी प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र में गटर लाइन खुली पड़ी है, सड़क पूरी तरह टूटी हुई है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बीते तीन महीनों से न तो नियमित सफाई हो पा रही है और न ही किसी प्रकार की मरम्मत की गई है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल बस, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहन भी इस मार्ग से सुरक्षित रूप से नहीं निकल पा रहे हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि न तो किसी जनप्रतिनिधि ने इस समस्या की सुध ली है और न ही प्रशासन या नेताओं की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है। लंबे समय से धैर्य बनाए हुए लोगों का अब सब्र जवाब देने लगा है। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में आयोजित बैठक में क्षेत्र के लोगों ने अपनी पीड़ा खुलकर रखी। इसमें भुवनेश्वर टीलावत (अध्यक्ष), सोजती गेट चारभुजा व्यापारी संस्था, जयकिशन जलवाणिया, आशीष पंवार, अमित पुरोहित, सुरेन्द्र प्रजापत, ललित टेवानी, मोहित खत्री, बबलू जैन और कयूम ख़ान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पुनः शुरू कर तत्काल पूरा कराया जाए, गटर लाइन को ढका जाए और नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।
Write a Response