जोधपुर। जालोरी गेट क्षेत्र स्थित गौरी शंकर महादेव मंदिर परिसर एवं ऑक्सफोर्ड स्कूल में “प्रेरणा एक पल विकास की ओर” नामक तीन दिवसीय मेले का आयोजन 20, 21 और 22 फरवरी को किया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों से निरंतर सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत आयोजित यह मेला शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्रेरणा संगठन की अध्यक्ष संतोष पुरोहित, उपाध्यक्ष मंगला बोहरा, मेला प्रभारी राखी व्यास, महासचिव सुमन कल्ला, सचिव आभा बोहरा, कोषाध्यक्ष सुनीता पुरोहित, संगठन मंत्री हेमा पुरोहित एवं व्यवस्था मंत्री कविता पुरोहित सहित पूरी कार्यकारिणी टीम इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है। संगठन की ओर से हर त्यौहार पर इस प्रकार के मेलों का आयोजन कर स्थानीय लोगों को मंच प्रदान किया जा रहा है।
मेले का शुभारंभ पद्मश्री सम्मानित शीनकाफ निजाम, अग्निहोत्री महाराज पंडित रविदत्त जी, कॉपरेटिव निरीक्षक रोजा बिस्सा तथा टैरो कार्ड रीडर किरण व्यास के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
मेले में कुल 31 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें होली, शीतलाष्टमी, गणगौर तथा वेडिंग सीजन से जुड़े विभिन्न उत्पाद उपलब्ध हैं। इन स्टॉल्स पर पारंपरिक वस्त्र, सजावटी सामग्री, पूजा सामग्री एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं वाजिब दामों पर मिल रही हैं, जिससे आमजन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि यह मेला न केवल खरीदारी का अवसर प्रदान करता है, बल्कि स्थानीय महिलाओं एवं उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का भी मंच देता है। मेले में परिवार सहित आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण की व्यवस्था की गई है।
मेले के अंतिम दिन आयोजकों ने जोधपुर की समस्त जनता एवं ब्राह्मण समाज से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खरीदारी करने एवं आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
Write a Response