यात्रियों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आरपीएफ जवान रहें सतर्क : डीआरएम

जोधपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित विकास केंद्र में गुरुवार को आरपीएफ निरीक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में यात्रियों की सुरक्षा, नियमों की सख्ती से पालना, ड्यूटी में सतर्कता और बेहतर कार्यप्रणाली पर जोर दिया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई, शिकायतों के निस्तारण और रिकॉर्ड संधारण सहित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।

WhatsApp Image 2026-09-03 at 6.33.55 PM-XTeHOl75bb.jpeg

जोधपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित विकास केंद्र में गुरुवार को आरपीएफ निरीक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में यात्रियों की सुरक्षा, नियमों की सख्ती से पालना, ड्यूटी में सतर्कता और बेहतर कार्यप्रणाली पर जोर दिया गया।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरपीएफ अधिकारी और जवान पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। विशेष मामलों में त्वरित कार्रवाई कर प्रभावी परिणाम हासिल करने पर भी जोर दिया गया।

त्रिपाठी ने कहा कि नियमों की सख्ती से पालना, बेहतर समन्वय और सजगता मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने हाल के दिनों में आरपीएफ द्वारा किए गए बड़े खुलासों की सराहना करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई, शिकायतों के निस्तारण और रिकॉर्ड संधारण सहित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। निरीक्षकों को अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी करने और ड्यूटी में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

जोधपुर पोस्ट के निरीक्षक लक्ष्मण गौड़ ने यात्रियों की सुरक्षा में आरपीएफ की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष मामलों के खुलासे के लिए सतर्क रहकर सूचनाओं का संकलन करने और समय पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

सत्र के दौरान आरपीएफ सिक्योरिटी मैनेजमेंट सिस्टम सहित अन्य तकनीकी मॉड्यूल्स की जानकारी दी गई। स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी, यात्रियों से बेहतर समन्वय तथा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई के व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response