राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह सम्पन्न
जोधपुर, 31 जनवरी 2026।
पुलिस आयुक्त जोधपुर ओम प्रकाश के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह शुक्रवार को प्रातः 11 बजे रोटरी भवन, जोधपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहीन सी, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) जोधपुर रहे, जबकि अध्यक्षता सड़क सुरक्षा माह की नोडल अधिकारी शालिनी राज, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) जोधपुर ने की।
समारोह में मधु समदानी, अध्यक्ष रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर, अरविन्द व्यास, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, रतन माहेश्वरी (जेसीआई जोधपुर), यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, समाजसेवी, एम.बी.एम. विश्वविद्यालय तथा फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, जोधपुर के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता शहीन सी ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों का प्रमुख कारण मानवीय भूल और यातायात नियमों की अनदेखी को बताया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से यातायात नियमों की शत-प्रतिशत पालना करने की अपील की। साथ ही कहा कि सड़क इंजीनियरिंग सुधार और ब्लैक स्पॉट दुरुस्तीकरण के लिए पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वागत भाषण में शालिनी राज ने सड़क सुरक्षा माह 2026 के दौरान आयोजित गतिविधियों का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि 41 शिक्षण संस्थानों, 4 अन्य संस्थानों और शहर के 14 प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नियमों की पालना करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर प्रोत्साहित किया गया। स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, एक यातायात जागरूकता वाहन रैली और एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एम.बी.एम. विश्वविद्यालय और एफडीडीआई के संयुक्त तत्वावधान में चार नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नियमों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, 11 प्रमुख चौराहों व राष्ट्रीय राजमार्गों पर रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान चलाया गया तथा धीमी गति वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। प्रवर्तन कार्रवाई के तहत कुल 29,957 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान के साथ समारोह सम्पन्न हुआ। यातायात पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़कर नियमों की पालना करने और सुरक्षित रहने की अपील की।
Write a Response