नेशनल हाईवे-25 पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत, कई घायल
बालोतरा। बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे-25 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक स्लीपर बस तेज गति से आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि कुछ शव बस के मलबे में फंसे नजर आए।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए गए।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और असावधानी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Write a Response