गणतंत्र दिवस पर “गणतंत्र नाद” संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन 26 जनवरी को
जोधपुर। 78वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सूर्यनगरी तराना के तत्वावधान में “गणतंत्र नाद” नामक एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन 26 जनवरी को श्री परशुराम महादेव मंदिर, सिंवांची गेट में किया जाएगा। यह कार्यक्रम देशभक्ति की भावना को संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सूर्यनगरी तराना के संरक्षक श्री नीरज बोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ की जाएगी। इसके पश्चात राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें सूर्यनगरी तराना से जुड़े 200 से अधिक गायक एवं गायिकाएं सामूहिक रूप से देशभक्ति गीतों का गायन करेंगे। इन गीतों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संविधान के मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री गजधर, सुनैना इवेंट कंपनी तथा सर्व ब्राह्मण महासभा का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि युवाओं और आमजन में देशप्रेम और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का भी कार्य करेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा राजस्थान प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यप्रकाश बोहरा, युवा प्रकोष्ठ महासचिव नरेश बोहरा, अंकित पुरोहित, महेश व्यास, देवेंद्र पुरोहित, महेश जोशी, सुरेंद्र कुमार जोशी, वीणा पारीक एवं मनोज कुमार सोनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय देशभक्ति कार्यक्रम का हिस्सा बनें और गणतंत्र दिवस को उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रीय भावना के साथ मनाएं। “गणतंत्र नाद” कार्यक्रम के माध्यम से संगीत की स्वर लहरियों में देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
Write a Response