मालूंगा फायरिंग मामले में जोधपुर पूर्व पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- Posted on 18 अगस्त 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 35 Views
जोधपुर। मथानिया थाना क्षेत्र के सरहद मालूंगा में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाली गैंग के खिलाफ जोधपुर पूर्व पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना मथानिया, करवड़ और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य सूत्रधारों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने दबिश देकर रामनिवास परिहार, लोकेश हंस उर्फ डालू, विनोद उर्फ भोमा, मनीश, जीतू हंस उर्फ पोलार्ड और शन्नी धारीवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया। एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया।
जोधपुर। मथानिया थाना क्षेत्र के सरहद मालूंगा में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाली गैंग के खिलाफ जोधपुर पूर्व पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना मथानिया, करवड़ और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य सूत्रधारों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को मालूंगा गांव में स्टोन कटर फैक्ट्री में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने हमला किया था। परिवादी गणपत राम लोल के अनुसार वह अपने पार्टनर और स्टाफ के साथ फैक्ट्री में चाय पी रहा था। इसी दौरान राकेश मांजू और उसके साथ आए करीब 9-10 लोगों ने दो बोलेरो कैंपर से फैक्ट्री का गेट तोड़ दिया और परिसर में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
परिवादी के मुताबिक जान बचाने के लिए कमरे में छिपने पर आरोपियों ने कमरे के गेट की ओर फायरिंग की और स्टाफ के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस थाना मथानिया में प्रकरण संख्या 131/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए घटनास्थल और आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
पुलिस ने दबिश देकर रामनिवास परिहार, लोकेश हंस उर्फ डालू, विनोद उर्फ भोमा, मनीश, जीतू हंस उर्फ पोलार्ड और शन्नी धारीवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया। एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 20 अगस्त तक पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।
पुलिस के अनुसार राकेश मांजू, सुरेश खीचड़ और एक अन्य आरोपी वारदात के मुख्य षड्यंत्रकार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों से अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। वहीं, राजीव गांधी नगर थाने के दो प्रकरणों में वांछित एक आरोपी को भी दस्तयाब कर संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
Write a Response