पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व की गुमशुदा मोबाइलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 83 मोबाइल किए रिकवर
जयपुर, 02 फरवरी 2026।
पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन के मामलों में एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की प्रभावी सहायता से मात्र 02 माह की अवधि में कुल 83 गुमशुदा मोबाइल फोन रिकवर किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। रिकवर किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए, जिससे पीड़ितों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन, आईपीएस ने बताया कि गुम हुए मोबाइलों की अधिकतम रिकवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त आदर्शनगर जयपुर पूर् लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व के थानाधिकारी महेश चन्द्र गुर्जर (पु.नि.) द्वारा किया गया।
गठित टीम ने मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करते हुए थाने पर दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की प्रत्येक रिपोर्ट को सीईआईआर पोर्टल पर पंजीकृत किया। टीम द्वारा पोर्टल पर प्रतिदिन अपडेट की निगरानी की गई तथा मोबाइल उपयोगकर्ताओं को आवश्यक समझाइश दी गई। इसके परिणामस्वरूप बीते दो माह में 83 मोबाइल सफलतापूर्वक ट्रेस कर रिकवर किए गए।
रिकवर किए गए मोबाइलों में वर्ष 2024 के 14 मोबाइल, वर्ष 2025 के 66 मोबाइल तथा वर्ष 2026 के 3 मोबाइल शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इनमें से 40 से अधिक मोबाइल राजस्थान से बाहर अन्य राज्यों से रिकवर किए गए, जो पुलिस की तकनीकी दक्षता और समन्वय क्षमता को दर्शाता है।
आज पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व परिसर में सभी पीड़ितों को बुलाकर उनके मोबाइल सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की।
गठित टीम का विवरण:
-
महेश चन्द्र गुर्जर, पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी, पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व
-
मेघराम, कांस्टेबल 8380, पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व
-
सियाराम, कांस्टेबल 11890, पुलिस थाना जवाहर नगर जयपुर पूर्व
यह कार्रवाई आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने वाली साबित हुई है।
Write a Response