प्रेमी जोड़ा प्लेटफॉर्म पर उतरा, ट्रेन निकल गई; पीछे छूट गया 10.76 लाख का बैग
- Posted on 20 अगस्त 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 43 Views
धपुर। शादी के इरादे से घर से निकले एक प्रेमी जोड़े को मेड़ता रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बातचीत में मशगूल होना भारी पड़ गया। दोनों के प्लेटफॉर्म पर उतरते ही ट्रेन रवाना हो गई और उनका करीब 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद, जेवर और कीमती सामान से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए नागौर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही बैग की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवक और 17 साल 8 माह की किशोरी जोधपुर से ट्रेन संख्या 19407 साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोनों घर से बिना बताए शादी करने के लिए निकले थे।
जोधपुर। शादी के इरादे से घर से निकले एक प्रेमी जोड़े को मेड़ता रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बातचीत में मशगूल होना भारी पड़ गया। दोनों के प्लेटफॉर्म पर उतरते ही ट्रेन रवाना हो गई और उनका करीब 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद, जेवर और कीमती सामान से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए नागौर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही बैग की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवक और 17 साल 8 माह की किशोरी जोधपुर से ट्रेन संख्या 19407 साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोनों घर से बिना बताए शादी करने के लिए निकले थे। मेड़ता रोड स्टेशन पर दोनों ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनका काला बैग सीट पर ही रह गया। मेड़ता रोड आरपीएफ पोस्ट को सूचना मिलने पर नागौर आरपीएफ को तत्काल अलर्ट किया गया।
ट्रेन के नागौर पहुंचते ही हेड कांस्टेबल भूरामल मय स्टाफ सामान्य कोच में पहुंचे और यात्रियों से पूछताछ करते हुए सीटों के आसपास तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान वही काला बैग मिल गया।
बैग में नकदी और जेवर समेत कीमती सामान
नागौर स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में आरपीएफ एसआई रमेश कुमार, आरपीएफ स्टाफ तथा जीआरपी हेड कांस्टेबल नाथूलाल की मौजूदगी में बैग खोला गया। इसमें 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद, चांदी जैसी धातु के चार सिक्के, दो बिछिया, एक घुघरी और सोने जैसी धातु की चार लांग मिलीं। इसके अलावा आईफोन-15 प्रो, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक, चार्जर, दो रेल टिकट, युवक के शैक्षणिक दस्तावेज और आधार कार्ड भी मिले। आईफोन का 67,150 रुपए का बिल भी बैग में था।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिवा, निवासी बासनी निकुबा, जोधपुर बताया। दोनों नान्दड़ा कलां के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। दोनों के परिजनों ने संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बाद में बनाड़ थाना पुलिस के उप निरीक्षक पुखराज मय स्टाफ मेड़ता रोड आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को बरामद बैग और सामान सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की इस तत्परता की जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने सराहना की।
Write a Response