केरू रोड दुर्घटना पर प्रभारी मंत्री ने जताया गहरा शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
जोधपुर। केरू रोड स्थित अरना झरना के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की असामयिक मृत्यु तथा करीब 20 लोगों के घायल होने की हृदयविदारक घटना पर राजस्थान सरकार के शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री तथा जोधपुर जिले के प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुखद हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन और दुःखद घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली होती हैं और सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी 20 व्यक्तियों का वर्तमान में मथुरादास माथुर चिकित्सालय (एमडीएम अस्पताल), जोधपुर में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की सतत निगरानी में घायलों का इलाज किया जा रहा है तथा उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकीय टीम द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सक पूरी तत्परता और समर्पण के साथ घायलों की देखभाल कर रहे हैं।
श्री दिलावर ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहयोग और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रभारी मंत्री ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सरकार इस दुखद घटना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने आमजन से भी सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Write a Response