11वें राष्ट्रीय मारवाड़ हॉर्स शॉ का हुआ रंगारंग शुभारंभ

जोधपुर, 7 फरवरी। महाराजा गज सिंह जी के मुख्य आतिथ्य में ऑल इंडिया मारवाड़ी हॉर्स सोसायटी व मारवाड़ी हॉर्स स्टड बुक रजिस्ट्रेशन सोसायटी आफ इंडिया के तत्वाधान में दो दिवसीय मारवाड़ हॉर्से शॉ -2026 का शनिवार को महाराजा गज सिंह स्पोर्ट्स फाऊंडेशन पोलो ग्राउंड, महाराजा उम्मेद सिंह एयरपोर्ट रोड पर रंगारंग समारोह के साथ शुभारंभ हुआ।

 

WhatsApp Image 2026-02-07 at 9.02.51 PM-QhttKtxXNF.jpeg

जोधपुर, 7 फरवरी। महाराजा गज सिंह जी के मुख्य आतिथ्य में ऑल इंडिया मारवाड़ी हॉर्स सोसायटी एवं मारवाड़ी हॉर्स स्टड बुक रजिस्ट्रेशन सोसायटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 11वें राष्ट्रीय मारवाड़ हॉर्स शो-2026 का शनिवार को महाराजा गज सिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो ग्राउंड, महाराजा उम्मेद सिंह एयरपोर्ट रोड पर रंगारंग शुभारंभ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए मारवाड़ी नस्ल के घोड़े इस प्रतिष्ठित आयोजन में भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा गज सिंह जी द्वारा विधिवत ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की सलामी एवं अश्व देवता रेवत जी की तस्वीर के समक्ष पूजा-अर्चना के साथ हुई। रंगारंग उद्घाटन समारोह में सजे-धजे मारवाड़ी अश्व, राज परिवार के स्टड के घोड़े, विभिन्न स्टड फार्मों की प्रस्तुतियां और मेहरानगढ़, बीएसएफ व पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि महाराजा गज सिंह जी ने कहा कि मारवाड़ी अश्व हमारी ऐतिहासिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि देश-विदेश में मारवाड़ी नस्ल की मांग बढ़ रही है और इस शो के माध्यम से नस्ल की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ अश्वपालकों को भी प्रोत्साहन मिलता है। स्पेन की ओलंपिक प्रतिभागी कैथरीन डेसबैलेट्स द्वारा ड्रेसाज प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे युवा प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी।

पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में ‘अदंत बछेरी’ वर्ग में गजेंद्र सिंह खुड़ी की बछेरी शिरोमणि प्रथम रही। ‘दूध दांत बछेरी (एफएस)’ में सिद्धार्थ कटेवा की फिजा प्रथम रही, जबकि ‘दो दांत बछेरी’ में महाराष्ट्र के बबलू शेख की कयारा ने पहला स्थान प्राप्त किया। ‘दूध दांत बछेरा’ में गुजरात के हरपाल सिंह जडेजा का शिवालिक प्रथम रहा तथा ‘दूध दांत बछेरा (एफएस)’ में मेघराज सिंह जालोर का विजय राज विजेता बना।

उद्घाटन समारोह में अनेक गणमान्य अतिथि, सैन्य अधिकारी, अश्वपालक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। रविवार को शो जंपिंग, ड्रेसाज प्रस्तुति, स्टेलियन जजिंग, बेस्ट अश्व प्रतियोगिता व टैंट पेगिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनका अश्वप्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response