नौकरी के नाम पर ठगी का मामला
- Posted on 2 फ़रवरी 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 197 Views
जोधपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर गरीब और बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। फलोदी निवासी मोती राम, जो वर्तमान में जोधपुर के 21 सेक्टर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में निवासरत बताया जा रहा है, पर कई लोगों से सरकारी नौकरी का झांसा देकर बड़ी रकम वसूलने के आरोप लगे हैं
नौकरी के नाम पर ठगी का मामला, मोती राम पर गरीब परिवारों से लाखों रुपये ठगने के आरोप
जोधपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर गरीब और बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। फलोदी निवासी मोती राम, जो वर्तमान में जोधपुर के 21 सेक्टर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में निवासरत बताया जा रहा है, पर कई लोगों से सरकारी नौकरी का झांसा देकर बड़ी रकम वसूलने के आरोप लगे हैं। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि उसकी पहुंच उच्च अधिकारियों तक है और वह नौकरी लगवा सकता है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार मोती राम ने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को निशाना बनाया। नौकरी की आस में कई लोगों ने अपनी पत्नियों के गहने गिरवी रखे, किसी ने रिश्तेदारों से उधार लिया तो किसी ने वर्षों की जमा पूंजी आरोपी को सौंप दी। बावजूद इसके न तो किसी को नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
पीड़ितों का आरोप है कि मोती राम ने अलग-अलग बहानों से समय बढ़ाया और जब लगातार दबाव बढ़ा तो वह फरार हो गया। एक पीड़ित ने बताया, “हमने अपनी मेहनत की कमाई और घर की महिलाओं के गहने तक गिरवी रखकर पैसे दिए थे, लेकिन अब न नौकरी है और न ही आरोपी का कोई पता।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि ठगी की राशि लाखों रुपये में हो सकती है और आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे मामले के पीछे कोई बड़ा गिरोह भी सक्रिय हो सकता है।
स्थानीय लोगों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि आरोपी को इतनी बड़ी रकम किस आधार पर दी गई और क्या किसी और की भूमिका भी इसमें शामिल है। फिलहाल पुलिस को औपचारिक शिकायतें मिलने का इंतजार है।
पीड़ितों ने अन्य संभावित ठगी के शिकार लोगों से अपील की है कि वे सामने आएं और अपने पास मौजूद दस्तावेज, लेन-देन के सबूत और अन्य जानकारी के साथ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Write a Response