आईएएस अधिकारी बनकर नाबालिगों को झांसे में लेने वाला दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
- Posted on July 28, 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 8 Views
जोधपुर। पुलिस मुख्यालय द्वारा महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर पूर्व पुलिस ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं को झांसे में लेने और उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अब तक तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी "राज उदावत उर्फ अक्की" नाम से स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर कोचिंग संस्थानों और स्कूलों में पढ़ने वाली नाबालिग छात्राओं को निशाना बनाता था।
जोधपुर। पुलिस मुख्यालय द्वारा महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर पूर्व पुलिस ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं को झांसे में लेने और उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अब तक तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताते हुए बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़वाने और बाद में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने लगातार संपर्क कर पीड़िता को मिलने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि वह उसे एक होटल में ले गया, जहां नशीला पदार्थ मिला जूस पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष चौधरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) के सुपरविजन में थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी उम्मेदाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया।
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी "राज उदावत उर्फ अक्की" नाम से स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर कोचिंग संस्थानों और स्कूलों में पढ़ने वाली नाबालिग छात्राओं को निशाना बनाता था। वह लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों के आसपास घूमकर छात्राओं के मोबाइल नंबर हासिल करता और उन्हें सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर उपलब्ध कराने, बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़वाने तथा एयर होस्टेस बनाने का झांसा देता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता की छोटी बहन को एयर होस्टेस बनाने का लालच देकर अपने किराए के कमरे में बुलाया और उसके साथ भी दुष्कर्म किया। इसके अलावा एक अन्य युवती को अजमेर के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने का भी आरोप है। जांच के दौरान तथाकथित "राज उदावत" की पहचान उम्मेदाराम के रूप में हुई, जिसके बाद उसे अजीत कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले में अन्य संभावित पीड़िताओं और आरोपी की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
Write a Response