कुड़ी भगतासनी में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 लाख का माल जब्त, अफीम का दूध भी बरामद
जोधपुर। पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवान एवं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व यातायात शाहीन सी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र में नकली घी की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सुनील के. पंवार के निकट सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
सीएसटी टीम प्रभारी एसआई मेहराज तंवर मय टीम तथा हाइवे मोबाइल इंचार्ज सउनि श्री तेजाराम मय टीम को मिली सूचना पर पुलिस थाना कुड़ी भगतासनी क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित मकान संख्या 667 पर दबिश दी गई। मौके पर नकली घी बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित पाई गई, जहां से सरस, सीर, डेयरी बेस्ट, प्राइड, मधुसूदन, कृष्णा, मिल्क फूड सहित विभिन्न नामी कंपनियों के करीब 120 नकली घी के टीन बरामद किए गए।
इसके साथ ही नामी कंपनियों के लेबल, पैकिंग सामग्री, सीलिंग मशीन सहित फैक्ट्री में उपयोग होने वाला अन्य उपकरण भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार दो गोदामों में भरा करीब 25 लाख रुपये मूल्य का नकली घी व संबंधित सामग्री बरामद हुई है। नकली घी के परिवहन में प्रयुक्त एक टाटा मैजिक वाहन भी मौके पर पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों की ब्रेजा कार की तलाशी में करीब एक किलोग्राम अवैध अफीम का दूध भी बरामद हुआ। इस संबंध में मोहनलाल पुत्र चंपालाल, निवासी मदेरणा कॉलोनी; कैलाश चांडक पुत्र गोपीकिशन, निवासी सेक्टर-9 कुड़ी भगतासनी; तथा रविराज पुत्र बंशीलाल, निवासी बीकमकोर, थाना मतोड़ा, जोधपुर ग्रामीण को दस्तयाब किया गया है।
पुलिस का कहना है कि नकली घी के कारोबार में मंडी के कई व्यापारियों के नाम सामने आ रहे हैं, वहीं अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त में भी नामी तस्करों के तार जुड़ने की आशंका है। प्रकरण में कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस द्वारा अग्रिम जांच एवं विधिक कार्रवाई जारी है।
Write a Response