उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंडोर व कायलाना झील के पर्यटन विकास कार्यों का किया निरीक्षण

जोधपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को अपने जोधपुर दौरे के दौरान मंडोर गार्डन और कायलाना झील पर चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने मंडोर स्थित ऐतिहासिक सुमनोहरा बावड़ी का अवलोकन करते हुए इसके संरक्षण, रखरखाव और संवर्धन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह को मंडोर गार्डन स्थित राजकीय संग्रहालय और पूरे परिसर के समग्र विकास के लिए चरणबद्ध एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

WhatsApp Image 2026-07-27 at 12.04.26 AM (1)-7PC148aDCe.jpg

जोधपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को अपने जोधपुर दौरे के दौरान मंडोर गार्डन और कायलाना झील पर चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने मंडोर स्थित ऐतिहासिक सुमनोहरा बावड़ी का अवलोकन करते हुए इसके संरक्षण, रखरखाव और संवर्धन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह को मंडोर गार्डन स्थित राजकीय संग्रहालय और पूरे परिसर के समग्र विकास के लिए चरणबद्ध एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडोर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ा जाए, ताकि यह देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बन सके।

दिया कुमारी ने कहा कि मंडोर गार्डन में विकसित किया जा रहा वाटर लेजर शो पर्यटन के क्षेत्र में नया आकर्षण बनेगा। इस शो के माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए जोधपुर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिसर में एडवेंचर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यटकों को नया अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के आयुक्त उत्साह चौधरी ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि वाटर लेजर शो का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही आमजन एवं पर्यटकों के लिए शुरू करने की योजना है।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कायलाना झील पर बजट घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पर्यटन एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने पर्यटन स्थलों के विकास में गुणवत्ता, विरासत संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के संतुलित समावेश पर विशेष बल दिया।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response