कुड़ी मंडल के नांदडी में कैबिनेट मंत्री पटेल ने किया पानी की पाइप लाइन का शुभारंभ
कुड़ी मंडल के नांदडी गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्य के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने शुक्रवार को गांव में नई पानी की पाइप लाइन के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कुड़ी मंडल के महामंत्री गिरिराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नांदडी गांव के लोगों को काफी समय से पीने के पानी के लिए गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में हालात और भी विकट हो जाते थे। इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल को अवगत कराया था। ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए मंत्री पटेल ने तुरंत पहल करते हुए नई पाइप लाइन स्वीकृत करवाई और आज स्वयं गांव पहुंचकर कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और किसी भी गांव को पानी जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिलाप्रमुख पुनाराम चौधरी, जिलामंत्री वीरेंद्र गोदारा, कुड़ी मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह राजपुरोहित, बनाड़ मंडल अध्यक्ष महिपाल सिंह, केरू मंडल अध्यक्ष गोविंद टाक, जिला परिषद सदस्य चैनराम पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सिकंदर बक्श, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अयूब पठान, मंडल महामंत्री किशोर सिंह वेरावत, मंडल मंत्री मेघ सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने पाइप लाइन कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कैबिनेट मंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इस योजना के पूरा होने के बाद गांव में पेयजल संकट से स्थायी राहत मिलेगी और दैनिक जीवन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगा।
Write a Response