शनिश्चर जी का थान प्रांगण में बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, ब्लूमिंग प्लेनेट्स रही विजेता
जोधपुर, 02 फरवरी। श्रीपुष्टिकर श्रीपुरोहित सूरजराज रूपादेवी स्मृति महिला महाविद्यालय की छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के अंतर्गत बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आज शनिश्चर जी का थान प्रांगण में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय प्रो. डॉ. जी. आर. पुरोहित की स्मृति में आयोजित की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के. के. व्यास ने बताया कि इस खेल आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, टीम वर्क और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता डॉ. आनंद राज पुरोहित (वरिष्ठ पशु चिकित्सक) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अधिवक्ता श्री कपिल बोहरा (अध्यक्ष, रॉयल सोसाइटी) उपस्थित रहे। श्री पुष्टिकर एजुकेशन ट्रस्ट के भवन प्रभारी सुरेन्द्र जोशी, ट्रस्टी गुरुदत्त पुरोहित एवं ओम प्रकाश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए प्रसिद्ध आर्टिस्ट एवं यूट्यूबर प्रतीक मुथा की विशेष उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं नर्सिंग संकाय की कुल आठ टीमों ने भाग लिया। इनमें जोधपुर जॉइंट्स, राइजिंग स्टार, रॉयल जोधपुर, ब्लूमिंग प्लेनेट्स, सनराइजर, सनसिटी स्टार, पिंक पैंथर एवं रॉयल टाइगर टीम शामिल रहीं। सभी टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
खेल प्रभारी डॉ. हरीश चन्द्र व्यास ने बताया कि रॉयल सोसाइटी के अध्यक्ष कपिल बोहरा द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए विभिन्न रंगों की टी-शर्ट की व्यवस्था की गई। वहीं स्व. प्रो. जी. आर. पुरोहित की स्मृति में उनके पुत्र डॉ. आनंद राज पुरोहित द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों के लिए ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
फाइनल मुकाबला रॉयल जोधपुर एवं ब्लूमिंग प्लेनेट्स टीम के बीच खेला गया, जिसमें ब्लूमिंग प्लेनेट्स की टीम विजेता एवं रॉयल जोधपुर उपविजेता रही। प्रतियोगिता में निकिता को श्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा प्रमिला को श्रेष्ठ बल्लेबाज, श्रेष्ठ गेंदबाज एवं प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका इस्माइल अली एवं डॉ. माधव देव बोहरा ने निभाई, जबकि स्कोरिंग खालिद अली ने की। आयोजन का सफल संचालन प्रशासक विशाल व्यास, डॉ. राजा पुरोहित, डॉ. राजेश बोहरा एवं डॉ. ममता पंवार द्वारा किया गया।
Write a Response