जोधपुर। पुलिस थाना बासनी ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त जोधपुर ओमप्रकाश के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के मार्गदर्शन में की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम रोशन मीणा और सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त पश्चिम छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी नितिन दवे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अमरावती नगर, सांगरिया क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को परिवादी मुकेश भाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ काम पर गया हुआ था और घर पर कोई नहीं था। शाम करीब 5:30 बजे लौटने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला तथा तिजोरी का लॉक टूटा हुआ था। जांच करने पर चांदी का करीब 600 ग्राम कंदोरा, चांदी का गजरा, बिछुड़ी, अंगूठी, चूड़ियां और सोने के लूंग सहित अन्य जेवरात चोरी होना सामने आया। इस पर पुलिस थाना बासनी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर करीब 80 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। साथ ही पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों से पूछताछ की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध विकास कुमार और सुनिल को दस्तयाब कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का चांदी का कंदोरा, गजरा, अंगूठी, बिछुड़ी सहित अन्य सामान और परिवादी के दस्तावेज व पर्स बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विकास आदतन नकबजन है और पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त रहा है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनसे जोधपुर शहर व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
Write a Response