जोधपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना बासनी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले चार माह से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस आयुक्त जोधपुर ओमप्रकाश और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा और सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के सुपरविजन में पुलिस थाना बासनी के थानाधिकारी नितिन दवे के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सोनाराम उर्फ कर्नल को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना शास्त्रीनगर द्वारा आरोपी के श्याम बालाजी मार्ग स्थित मकान पर दबिश दी गई थी, जहां से करीब 666 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया था। हालांकि, उस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस संबंध में पुलिस थाना शास्त्रीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया था और अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस थाना बासनी को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सोनाराम उर्फ कर्नल एक शातिर तस्कर है, जिसके खिलाफ जोधपुर शहर के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पांच प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से शहर की महंगी कॉलोनियों में संपत्ति खरीद रहा था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेशानुसार उसकी करीब तीन करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क किया था, जिसमें सूर्या नगर सांगरिया स्थित दो मंजिला मकान और ग्राम पाल में स्थित तीन भूखंड शामिल हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस थाना बासनी की टीम ने 19 फरवरी 2026 को आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा उससे अफीम की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
Write a Response