राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन
जोधपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं एमबीएम विश्वविद्यालय जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को शहर के प्रमुख स्थलों घण्टाघर प्रांगण तथा पावटा चौराहा पर यातायात जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ओम प्रकाश, पुलिस आयुक्त जोधपुर के निर्देशानुसार शहीन सी, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात जोधपुर के सुपरविजन में तथा शालिनी राज, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात जोधपुर के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक पुलिस यातायात रमेश खिड़िया, निरीक्षक पुलिस यातायात सुनिता गढ़वाल, हैडकांस्टेबल हनुमान सिंह मय यातायात शिक्षा टीम तथा एमबीएम विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. रोहित रावल अपनी नुक्कड़ नाटक विद्यार्थी टीम के साथ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनके दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया, जिससे मौके पर मौजूद आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के महत्व का संदेश मिला।
नाटक के माध्यम से आमजन से दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की अपील की गई। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवीय सहायता करने का संदेश भी दिया गया।
यातायात पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने से न केवल स्वयं की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि दूसरों के जीवन पर भी खतरा मंडराता है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नियमों की अवहेलना से होने वाले संभावित नुकसान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ा।
यातायात पुलिस आयुक्तालय जोधपुर ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का संचालन यातायात नियमों की पूर्ण पालना के साथ करें तथा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 को सफल बनाने में सक्रिय जनसहभागिता निभाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
Write a Response