सीएसटी टीम व पुलिस थाना करवड़ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर। “नशा मुक्त राजस्थान मिशन” के तहत पुलिस आयुक्तालय जोधपुर द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 15 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश के निर्देशन में सीएसटी टीम एवं पुलिस थाना करवड़ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जिला पूर्व पीडी नित्या के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जिला पूर्व वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सुनील के. पंवार एवं एसीपी वृत मंडोर अनिल शर्मा के निकट निर्देशन में की गई। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक मेहराज तंवर द्वारा किया गया।
पुलिस को दिनांक 14 फरवरी 2026 को बीट कांस्टेबल नागाराम से मिली सूचना एवं मुखबिर की इत्तला के आधार पर गांव माणकलाव, थाना करवड़ क्षेत्र में एक खेत में अवैध रूप से अफीम के पौधों की खेती होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर सीएसटी टीम एवं थाना करवड़ पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी।
दबिश के दौरान आरोपी के खेत में रायड़ा की फसल के बीच छिपाकर अफीम के पौधे उगाए जा रहे थे। मौके से पुलिस ने कुल 12 अफीम के पौधे एवं लगभग 150 हरे रंग के छोटे-बड़े गोलाकार अफीम के डोडे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रेमाराम पुत्र राणाराम, जाति विश्नोई, उम्र 42 वर्ष, निवासी विश्नोइयों का बास, माणकलाव को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना करवड़ में प्रकरण संख्या 34/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच आरपीएस अधिकारी नवनीत कौर (प्रो.), थानाधिकारी मथानिया द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी परमेश्वरी निषु पुलिस थाना करवड़ मय टीम तथा उपनिरीक्षक मेहराज तंवर प्रभारी सीएसटी मय टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बिक्री या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, पुलिस नियंत्रण कक्ष 100/112 या व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Write a Response