जोधपुर। पुलिस थाना राजीव गांधी नगर एवं डीएसटी जोधपुर पश्चिम द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। पूर्व में की गई कार्रवाई के अनुसंधान में एक शातिर मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस आयुक्त जोधपुर ओमप्रकाश एवं विनीत कुमार बंसल के निर्देशन तथा रोशन मीणा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम एवं सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त पश्चिम रविन्द बोथरा के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी पुलिस थाना राजीव गांधी नगर रविन्द्रपाल सिंह एवं डीएसटी प्रभारी महेन्द्र के नेतृत्व में दिनांक 18 जनवरी 2026 को अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहनराम पुत्र भीखाराम विश्नोई (उम्र 42 वर्ष), निवासी हेमनगर जोलियाली, थाना झंवर, जोधपुर पश्चिम को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के कब्जे से कुल 3.790 किलोग्राम अवैध अफीम, एक सफेद केटा कार नंबर आरजे 27 सीजे 0336 तथा दो नकली नंबर प्लेट बरामद की गई थीं।
प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान हेतु पत्रावली गोविन्द व्यास, निरीक्षक पुलिस थाना प्रतापनगर सदर को सुपुर्द की गई। गोविन्द व्यास निरीक्षक द्वारा टीम के साथ तकनीकी एवं मानवीय आधार पर सूचनाएं एकत्रित करते हुए छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ में कई स्थानों पर दबिश दी गई। अनुसंधान के दौरान जब्तशुदा अफीम के आपूर्तिकर्ता के रूप में आरोपी विनोद आंजणा पुत्र जगदीश आंजणा (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम खेड़ा केसुन्दा, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान को दस्तयाब किया गया। आरोपी की प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उससे गहन पूछताछ जारी है।
कार्यवाही करने वाली टीम में निरीक्षक गोविन्द व्यास (थानाधिकारी प्रतापनगर सदर), हैड कांस्टेबल रघुवीर सिंह शेखावत (पुलिस थाना छोटी सादड़ी, विशेष सहयोग), कांस्टेबल हनुमानराम, कांस्टेबल गजेन्द्र कुमार (पुलिस थाना प्रतापनगर सदर), कांस्टेबल राजू सिंह एवं कांस्टेबल राजूराम (डीएसटी जोधपुर पश्चिम) शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response