अभय कमांड सेंटर की तत्परता से 30 मिनट में मिला टैक्सी में भूला पांच लाख का सामान
- Posted on 4 सितम्बर 2026
- सामान्य समाचार
- By Rajendra Harsh
- 30 Views
जोधपुर, 4 सितंबर। अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की तत्परता और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से जोधपुर पुलिस ने टैक्सी में भूला सोने के आभूषणों और अन्य सामान से भरा बैग महज 30 मिनट में बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया। बैग में करीब तीन तोले सोने का मंगलसूत्र और कानों के झुमके सहित करीब पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण थे। चालक को तत्काल अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बुलाया गया। यहां परिवादी से बैग की पहचान और सामान का सत्यापन करवाने के बाद बैग सुरक्षित रूप से उसे सौंप दिया गया। बैग में सोने के मंगलसूत्र और कानों के झुमकों के अलावा लेडीज पोशाक और अन्य सामान भी सुरक्षित मिला।
जोधपुर, 4 सितंबर। अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की तत्परता और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से जोधपुर पुलिस ने टैक्सी में भूला सोने के आभूषणों और अन्य सामान से भरा बैग महज 30 मिनट में बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया। बैग में करीब तीन तोले सोने का मंगलसूत्र और कानों के झुमके सहित करीब पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण थे।
पुलिस के अनुसार बीकानेर निवासी कैलाश कुमार अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के लिए 4 सितंबर की सुबह बीकानेर से जोधपुर आए थे। रेलवे स्टेशन से टैक्सी लेकर बनाड़ पहुंचने के दौरान परिवार अपना बैग टैक्सी में ही भूल गया। कुछ देर बाद बैग छूटने का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रेम धणदे के निकट पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। सहायक पुलिस उपायुक्त मांगीलाल के नेतृत्व में अभय कमांड सेंटर की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
निरीक्षक सत्य प्रकाश की मॉनिटरिंग में पारी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह और कांस्टेबल लाखाराम ने रेलवे स्टेशन, नई सड़क, पावटा और संबंधित रूट के सीसीटीवी कैमरों के जरिए टैक्सी का रास्ता ट्रेस किया। फुटेज से टैक्सी का नंबर चिन्हित कर उसके पंजीकरण संबंधी विवरण प्राप्त किए गए। इसके बाद चालक से संपर्क किया गया। चालक ने बैग टैक्सी में ही होने की पुष्टि की।
चालक को तत्काल अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बुलाया गया। यहां परिवादी से बैग की पहचान और सामान का सत्यापन करवाने के बाद बैग सुरक्षित रूप से उसे सौंप दिया गया। बैग में सोने के मंगलसूत्र और कानों के झुमकों के अलावा लेडीज पोशाक और अन्य सामान भी सुरक्षित मिला।
बैग वापस मिलने पर परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिवादी ने जोधपुर पुलिस और अभय कमांड सेंटर की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का संदेश देता है और इसी भावना के साथ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
Write a Response