जोधपुर में “एरिया डोमिनेशन” अभियान: 34 अभियुक्त गिरफ्तार, 128 स्थानों पर दबिश
जोधपुर, 11 फरवरी। पुलिस आयुक्तालय जोधपुर द्वारा अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष “एरिया डोमिनेशन” अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश के निर्देशानुसार गैंग व उनके सदस्यों, हार्डकोर अपराधियों तथा विभिन्न प्रकरणों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए आयुक्तालय क्षेत्र में सघन कार्रवाई की गई। अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त जिला पश्चिम विनीत कुमार बंसल एवं जिला पूर्व पीडी नित्या के सुपरविजन में किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वीरेंद्र सिंह, सुनील के. पंवार एवं अमृतलाल जीनगर के निर्देशन में सभी वृत अधिकारियों व थाना प्रभारियों ने अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध स्थानों, अपराधियों के ठिकानों एवं संभावित आश्रय स्थलों पर दबिश दी। अभियान के दौरान कुल 155 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 31 टीमों ने जिला पूर्व व पश्चिम में 128 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। सर्च, स्पॉटिंग व बैकअप टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच के साथ अवैध हथियार, मादक पदार्थ व अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े सामान की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों सहित एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य मामलों में फरार अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान में 26 स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी व गिरफ्तारी वारंटी में वांछित आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि 5 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस थाना करवड़ ने एनडीपीएस एक्ट में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 255 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया, वहीं रातानाडा थाना ने अन्य एक्ट में एक आरोपी को पकड़ा। हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग में दो अपराधी गिरफ्तार हुए तथा मथानिया थाना ने अजमानती मामलों में सात आरोपियों को पकड़ा।
पूरे अभियान के दौरान कुल 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य की जानकारी तुरंत पुलिस थाना, कंट्रोल रूम 100/112 या व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर दें, ताकि क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनी रहे।
Write a Response