जोधपुर, 30 सितंबर। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। अभियान के तहत जोधपुर आबकारी निरोधक टीम ने भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर अवैध अंग्रेजी मदिरा से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक से 750 कार्टन अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई। जांच में फोर सेल इन चंडीगढ़ की ऑल सीजन व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और चार्ली व्हिस्की ब्रांड की शराब के 750 कार्टन मिले। शराब अन्य राज्य की बताई गई है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन जोधपुर सीमा कविया के मार्गदर्शन में उपायुक्त ईपीएफ अरविंद प्रताप सिंह, आबकारी अधिकारी प्रवीण कुमार और आबकारी निरीक्षक किशोर सुथार के नेतृत्व में की गई। जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा और सिपाही मनोज ढाका का भी कार्रवाई में योगदान रहा।
प्रदेशभर में भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान चित्तौड़गढ़, बेगूं, कोटा, केकड़ी, सिरोही, रेवदर, आबूरोड, बारां, टोंक, भरतपुर, डीग, कुम्हेर और हनुमानगढ़ सहित विभिन्न जिलों में कार्रवाई की गई। टीमों ने बड़ी मात्रा में वॉश नष्ट करने के साथ हथकड़, देशी और अंग्रेजी मदिरा जब्त की तथा अवैध भट्टियां नष्ट कीं। हनुमानगढ़ में 6 हजार लीटर वॉश सहित 10 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं।
विभाग के अनुसार 14 से 29 सितंबर तक चले अभियान में प्रदेशभर में 1135 अभियोग दर्ज किए गए और 503 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3183 लीटर देशी मदिरा, 15,845 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा और 1532 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 8459 लीटर हथकड़ शराब और 1,20,350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। अभियान में 3,87,616 लीटर वॉश नष्ट कर अवैध मदिरा के परिवहन में इस्तेमाल 41 वाहन भी जब्त किए गए।
Write a Response