‘दारू रखते हो तो चखना भी रखो’, चोरी की और नसीहत दे गया चोर
जैसलमेर।
राजस्थान के जैसलमेर में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जो पुलिस रिकॉर्ड से निकलकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। यहां चोर न सिर्फ घर से कीमती सामान चुरा ले गया, बल्कि जाते-जाते दीवार पर ऐसा संदेश लिख गया, जिसे पढ़कर लोग हैरान होने के साथ-साथ हंसी भी नहीं रोक पा रहे हैं। यह मामला जैसलमेर की IGNP कॉलोनी का है, जहां सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ का सरकारी आवास स्थित है।
जानकारी के अनुसार सोहन जांगिड़ किसी कार्य से शहर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर सूना देखकर चोरों ने मौका पाकर ताले तोड़े और भीतर प्रवेश किया। चोरों ने पूरे इत्मीनान से घर की तलाशी ली और लैपटॉप, टीवी, महंगे परफ्यूम, कपड़े सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। शुरुआती तौर पर यह एक सामान्य चोरी का मामला प्रतीत हो रहा था, लेकिन इसके बाद सामने आया दृश्य सबको चौंकाने वाला था।
चोरी के बाद चोर का ‘क्रिएटिव मोड’ ऑन हो गया। घर में रखी लिपस्टिक से सफेद दीवारों पर बड़े-बड़े अक्षरों में संदेश लिख दिया गया। दीवार पर लिखा था—“घर में दारू रखते हो तो साथ में चखना भी रखा करो।” यही पंक्ति इस चोरी को सोशल मीडिया पर वायरल करने के लिए काफी साबित हुई।
इतना ही नहीं, चोर ने पुलिस और व्यवस्था पर तंज कसते हुए यह भी लिखा कि थाने में शिकायत करने से समय बर्बाद होगा, इसलिए रिपोर्ट न करने की सलाह दी। संदेश के अंत में चोर ने खुद को ‘बिहारी बाबू’ बताया और लिखा कि उसने घर का अन्न खाया, उसे अच्छा लगा तथा मजबूरी में पहली बार चोरी करनी पड़ी। जाते-जाते ‘धन्यवाद’ कहना भी नहीं भूला।
जब मकान मालिक वापस लौटे और पुलिस मौके पर पहुंची, तो दीवारों पर लिखे संदेश देखकर हर कोई हैरान रह गया। आमतौर पर चोर सबूत छोड़ने से बचते हैं, लेकिन इस मामले में चोर खुद ही अपनी कहानी लिख गया। पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोर ने घर में काफी समय बिताया है, जिससे उसकी पहचान में मदद मिल सकती है।
फिलहाल यह मामला जैसलमेर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग चोर की नसीहत और उसके साहित्यिक अंदाज पर तरह-तरह की चुटकियां ले रहे हैं।
Write a Response